Publish Date: | Fri, 07 Oct 2022 08:10 PM (IST)
India-Pak Raltions: भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी जेलों में बंद भारतीय नागरिकों की मौत पर कड़ी आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए बताया पाकिस्तान की जेलों में पिछले 9 महीने में 6 भारतीय कैदियों की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि हाल के दिनों में मछुआरों की मौतों की संख्या में इजाफा हुआ है। पाकिस्तान की जेलों में मारे गए 6 कैदियों में पांच मछुआरे थे। इन कैदियों ने अपनी सजा पूरी कर ली थी, इसके बावजूद पाकिस्तान ने उनकी रिहाई नहीं की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने कहा कि पाकिस्तान ने उन कैदियों को अवैध रूप से जेल में बंद रखा, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली थी। उन्होंने बताया कि इस बारे में मंत्रालय पाकिस्तान के साथ बातचीत कर रहा है।
भारतीय छात्र की हत्या
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने अमेरिका के इंडियाना में एक भारतीय स्टूडेंट की हत्या पर भी बयान दिया और कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा “मुझे लगता है कि अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है. हम घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।” आपको बता दें कि इंडियानापोलिस में वरुण छेदा नाम के एक भारतीय स्टूडेंट की हत्या कर दी गई है, जो डेटा साइंस की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने इस संबंध में वरुण के कोरियाई मूल के रूममेट को गिरफ्तार किया है।उसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी। शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक वरुण की मौत चोट लगने से हुई है, जो संभव: उसे पटकने की वजह से लगी थी।
Posted By: